भाषा-संगम 2026 में गूंजी हिंदी, उर्दू और पंजाबी की साझा विरासत, महापौर प्रवेश वाही ने दिया एकता का संदेश
महापौर बोले—भाषा का कोई धर्म नहीं होता, तीनों भाषाएं हमारी साझा संस्कृति और तहजीब की पहचान
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के राजभाषा विभाग की ओर से सोमवार को सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी सभागार में ‘भाषा-संगम 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पावन संध्या को समर्पित इस भाषा महोत्सव में हिंदी, उर्दू और पंजाबी की साझा सांस्कृतिक विरासत, साहित्यिक समृद्धि और भाषाई सौहार्द का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि भाषा का कोई धर्म नहीं होता। हिंदी, उर्दू और पंजाबी हमारी साझा संस्कृति और तहजीब की पहचान हैं। भाषा लोगों को जोड़ने, विचारों के आदान-प्रदान और एक-दूसरे की संस्कृति को समझने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि तीनों भाषाओं का भारतीय समाज, साहित्य और संस्कृति पर गहरा प्रभाव रहा है। हमें सभी भाषाओं का समान रूप से सम्मान करना चाहिए और भाषाई विविधता को अपनी ताकत बनाना चाहिए। ऐसे आयोजन समाज में सद्भाव, सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि भारत की असली खूबसूरती विविधता में एकता में निहित है। हिंदी, उर्दू और पंजाबी जैसी भाषाओं के साहित्य, कविता, संगीत और परंपराओं ने हमेशा समाज को जोड़ने का काम किया है। भाषा-संगम जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उपमहापौर एवं हिंदी समिति की अध्यक्ष मोनिका पंत ने कहा कि हिंदी हमारी अभिव्यक्ति, संस्कृति और सामाजिक जुड़ाव का सशक्त माध्यम है। उर्दू की नजाकत और पंजाबी की जीवंतता हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत को और समृद्ध बनाती हैं। उन्होंने सभी भारतीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया।

हिंदी समिति की उपाध्यक्ष मनीषा ने कहा कि साहित्य और भाषा समाज को संवेदनशील बनाने के साथ आपसी समझ और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। हिंदी, उर्दू और पंजाबी की साहित्यिक परंपराएं प्रेम, सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश देती हैं।
कार्यक्रम में उद्घाटन एवं भाषाई-सांस्कृतिक सत्र, कवि दरबार, ‘साझी विरासत-साझा सम्मान’ और ‘खुशबू-ए-महफिल’ जैसे विशेष आयोजन आकर्षण का केंद्र रहे। इन सत्रों में तीनों भाषाओं के साहित्य, कविता और सांस्कृतिक विशेषताओं को मंच प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त ए.के. मिश्रा सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ‘भाषा-संगम 2026’ ने यह संदेश दिया कि भाषाएं भले ही अलग हों, लेकिन उनमें समाहित भावनाएं, संवेदनाएं और मानवीय मूल्य एक हैं। दिल्ली नगर निगम का राजभाषा विभाग भारतीय भाषाओं के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।
