विश्वास नगर अग्निकांड: ई-रिक्शा बैटरी चार्जिंग के दौरान चार की मौत, दो गंभीर; हर्ष मल्होत्रा ने उठाया सुरक्षित चार्जिंग व्यवस्था का मुद्दा
सस्ती बिजली के लालच में घरों में बैटरी चार्ज करना बन रहा हादसों का कारण, डिस्कॉम कम दरों पर सुरक्षित चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध कराने की नीति बनाएं : हर्ष मल्होत्रा
नई दिल्ली, 29 नवंबर। पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर में रविवार तड़के ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान हुए भीषण अग्निकांड में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे ने राजधानी में ई-रिक्शा बैटरियों की चार्जिंग व्यवस्था और रिहायशी इलाकों में बिजली सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली और ई-रिक्शा चालकों के लिए सस्ती दरों पर सुरक्षित चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध कराने की नीति बनाने की मांग उठाई।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:20 बजे थाना फर्श बाजार को विश्वास नगर में आग लगने की पीसीआर कॉल मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि परिसर में ई-रिक्शा चार्ज करने के लिए लगाए गए बिजली के डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड में आग लगी थी। आग ने देखते ही देखते इमारत के पूरे भूतल को अपनी चपेट में ले लिया। वहां खड़े चार ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
हादसे के समय इमारत के ऊपरी खुले हिस्से में छह पुरुष सो रहे थे। आग और उससे उठे धुएं की चपेट में आने से सभी छह लोग घायल हो गए। उन्हें तत्काल डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर हालत में दो अन्य घायलों को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक, सभी लोग वहां किरायेदार के रूप में रह रहे थे। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
चार्जिंग व्यवस्था में बदलाव की जरूरत: हर्ष मल्होत्रा
हादसे की सूचना मिलने के बाद हर्ष मल्होत्रा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और दमकल विभाग के कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों से भी दुर्घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने चार लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ई-रिक्शा बैटरी चार्जिंग के दौरान बढ़ते हादसे चिंता का विषय हैं। ऐसे हादसों को रोकने के लिए लोगों को स्वयं भी सावधानी बरतनी होगी।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि ई-रिक्शा आज दिल्ली में अंतिम छोर तक यातायात सुविधा उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण साधन बन चुके हैं, लेकिन बैटरी चार्जिंग की असुरक्षित व्यवस्था बड़ी समस्या बन रही है। उनके अनुसार, सस्ती बिजली के लालच में कई ई-रिक्शा चालक घरों और रिहायशी परिसरों में बैटरियां चार्ज करते हैं, जिससे आग और जान-माल के नुकसान का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को ऐसी नीति पर विचार करना चाहिए, जिसके तहत ई-रिक्शा चालकों को सस्ती दरों पर ही सुरक्षित चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध कराए जा सकें। इससे एक ओर चालकों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर रिहायशी इमारतों में असुरक्षित तरीके से बैटरी चार्ज करने की मजबूरी कम हो सकती है।
जांच में आग के वास्तविक कारणों का होगा खुलासा
पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों, बिजली के डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि दिल्ली में तेजी से बढ़ते ई-रिक्शा के लिए सुरक्षित और किफायती चार्जिंग व्यवस्था विकसित करने की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा।
