दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने ई-संजीवनी सेवा का किया शुभारंभ

दिल्ली के उपराज्यपाल  विनय कुमार सक्सेना ने आज दिल्ली नगर निगम के हिंदुराव अस्पताल में ई-संजीवनी सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली के मुख्य सचिव  नरेश कुमार, दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी, अश्विनी कुमार और दिल्ली नगर निगम के आयुक्त,  ज्ञानेश भारती, उपराज्यपाल की सचिव,  अंकिता मिश्रा बुंदेला उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल  विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि ये उनके लिए सौभाग्य कि बात है कि आज दिल्ली के हैरीटेज हिन्दुराव अस्पताल में इस ई- संजीवनी सेवा का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि मैं आशा करता हूँ कि आने वाले समय में मैं दिल्ली के नागरिकों के लिए एक संजीवनी कि तरह कार्य करूँगा। जब कोरोना महामारी से हमारा देश घिरा हुआ था तब हिन्दुराव अस्पताल ने नागरिकों के लिए सराहनीय कार्य किया था। उन्होंने बताया कि ये हमारे देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री माननीय नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता को दर्शाता है कि एक मरीज़ घर बैठकर डॉक्टर से परामर्श ले सकता है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम के अस्पतालों और विद्यालयों को ज़्यादा से ज़्यादा फंड उपलब्ध हो इसके पूरे प्रयास किए जाएंगे ताकि इन्हें विश्व स्तरीय बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में यह एक संजीवनी सेवा एक मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्य सचिव दिल्ली,  नरेश कुमार ने बताया कि ई-संजीवनी एक मूक क्रांति हैं जिससे एक बहुत बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने बताया कि ई-संजीवनी सेवा एक संजीवनी के रूप में उभर कर आ रही है। अभी तक देश में 3.50 करोड़ नागरिक ई-संजीवनी सेवा का लाभ प्राप्त कर चुके हैं और लगभग दो लाख नागरिक प्रतिदिन इस सेवा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तत्काल परामर्श के लिए ई संजीवनी सेवा बहुत ही लाभदायक है।

दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी,  अश्विनी कुमार ने कहा कि हम एमसीडी को पेपरलेस ऑफिस बनाने का काम कर रहे हैं। कोरोना महामारी ने हमें नागरिकों के कल्याण के लिए प्रयोगों के काफ़ी अवसर प्रदान किए हैं। हम नागरिकों को सर्वोत्तम श्रेणी की सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि ई-संजीवनी ओपीडी सेवाएं भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय टेलीकंसल्टेशन सेवाओं की एक परियोजना है। दिल्ली नगर निगम देश का पहला निगम है जो चौबीसों घंटे ई-संजीवनी ओपीडी सेवाएं प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह सेवा संजीवनी ओपीडी नामक ऐप के माध्यम से मरीज और डॉक्टर के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रदान करती है, यह सेवा गूगल प्ले स्टोर और ऐप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह ई-संजीवनी सेवा डॉक्टरों के लिए रोगी के व्यापक डिजिटल डेटा तक पहुंच, त्वरित और समय पर अनुवर्ती कार्रवाई करने, रोगी प्रबंधन में सुधार के लिए फायदेमंद होगी।

दिल्ली नगर निगम के आयुक्त,  ज्ञानेश भारती ने कहा कि हिंदू राव अस्पताल 980 बिस्तरों वाला मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल है। यह 1911 में 16 बिस्तरों वाले छोटे नर्सिंग होम से अपने वर्तमान स्वरूप में विकसित हुआ है। हम दिल्ली के नागरिकों को अधिकतम सेवाएं प्रदान करने का प्रयास कर रहे हैं। कोविड महामारी के दौरान हमारे डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ ने मरीजों को दिन-रात अपनी सेवाएं प्रदान करके सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य मरीजों को विशेष स्वास्थ्य देखभाल परामर्श प्रदान करना है। यह योजना मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवा और विशेषज्ञों के बीच संचार की सुविधा प्रदान करेगी। इस सुविधा के माध्यम से रोगी घर बैठे चिकित्सा सलाह प्राप्त करने में सक्षम होंगे, मरीजों को विशेष स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध होगी, बिना रेफरल के विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह मिलेगी। इस ई-संजीवनी सेवा से मरीजों को बार-बार अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी। यह सेवा लंबी बीमारी से ग्रस्त रोगियों और पेंशनभोगियों के लिए भी फायदेमंद होगी। यह सेवा सुलभ स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देगी।

उन्होंने आगे कहा कि यह ई-संजीवनी सेवा अनावश्यक अस्पताल यात्रा को कम करने, शारीरिक ओपीडी में भीड़ को कम करने और सेवा के दायरे में वृद्धि करने में मदद करेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.