MCD : महापौर मैडम शैली ओबरॉय की नई घोषणा कहा मैं भरोसा दिलाती हूँ कि…

बजाते रहो न्यूज़

*- दिल्ली की जनता को भरोसा दिलाती हूं कि अब एमसीडी में ‘आप’ सरकार आ चुकी है, जनता के पैसे का इस्तेमाल लोगों को सुविधाएं देने में किया जाएगा- डॉ शैली ओबरॉय*

मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में आज सोमवार को महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता को संबोधित किया। मेयर ने कहा कि एमसीडी ने चालू वित्तीय वर्ष के पहले तिमाही में 1113.7 करोड़ रुपये संपत्तिकर एकत्र किया है, जो कि पिछले वर्षों में सबसे अधिक है। वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में राजस्व 540 करोड़ रुपये था, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह 695 करोड़ रुपये रहा था। इस बार संपत्तिकर देने वाले करदाताओं की संख्या में भी इजाफा हुआ है। पिछले साल 6.59 लाख से बढ़कर करदाता इस साल 7.17 लाख हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली ‘आप’ की ईमानदार सरकार के कारण संभव हो पाया है। दिल्ली की जनता के भरोसे के कारण हो पाया है, क्योंकि उन्होंने आम आदमी पार्टी के गुड गर्वनेंस के मॉडल पर भरोसा किया है। पिछली एमसीडी की सरकारों में जनता से पैसा वसूला जाता था और बड़ी-बड़ी गाड़ियां-कोठियां खरीदने में लगाया जाता था। जनता टैक्स जमा करती थी लेकिन निगम घाटे में चलती थी। इसकी वजह से सड़कें, नालियां और पार्क टूटे रहते थे। उसका एक फीसदी लाभ भी जनता को नहीं मिलता था।

मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि मैं दिल्ली की जनता को भरोसा दिलाती हूं कि अब दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार आ चुकी है। हमारा अब एक ही उद्देश्य होगा कि दिल्ली की जनता से जो भी वादे किए उन्हें पूरा किया जाए। दिल्ली नगर निगम के राजस्व को बढ़ाना और घाटे को खत्म करना है। राजस्व के जरिए जनता से जो पैसा आने वाला है, वह दिल्ली की जनता को सुविधाएं देने में लगाने वाले हैं। एमसीडी की जो जिम्मेदारी बनती है, उन्हें पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ की निगम सरकार दिल्ली में अच्छी सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा देगी और कूड़ा मुक्त बनाएगी। कर्मचारियों को नियमित करने के प्रयास किए जाएंगे और तनख्वाह समय से दी जाएगी। दिल्ली नगर निगम में पिछली सरकारें जो इतने समय में भी नहीं कर पायीं, वह काम चंद महीनों में ‘आप’ सरकार ने करके दिखाया है। आम आदमी पार्टी की सरकार का भविष्य में भी यही उद्देश्य रहेगा कि नगर निगम को जल्द वित्तीय संकट से बाहर लेकर आएं और राजस्व को बढ़ाएं। पहले जो पैसा कोठियां बनाने और लंबी कारें खरीदने में लगता था, उसे अब जनता के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने में लगाया जाएगा।

सदन के नेता मुकेश गोयल ने कहा कि यह राजस्व को बढ़ाने की ओर एक शुरुआत है। सीएम अरविंद केजरीवाल के विजन के तहत दिल्लीवासियों से किए गए हर वादे को पूरा किया जाएगा। डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने कहा कि एमसीडी का राजस्व बढ़ाने के लिए शिविर लगाए गए, ताकि लोग आसानी से संपत्तिकर जमा कर सकें।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.