MCD के सुरक्षा गार्ड और डाटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए जल्द जारी होगी ये अच्छी खबर – डॉ शैली ओबरॉय

बजाते रहो न्यूज़

*केजरीवाल सरकार से एमसीडी को मिल रहा पर्याप्त फंड, जल्द सुरक्षा गार्ड और डाटा एंट्री ऑपरेटर की भर्ती- डॉ शैली ओबरॉय*

*- मेयर डॉ.शैली ओबरॉय ने दक्षिणी क्षेत्र के विज्ञान मेले में की शिरकत, शिक्षकों को किया सम्मानित*

*- केजरीवाल सरकार के शिक्षा मॉडल को फॉलो करते हुए निगम विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रशिक्षण के लिए आईआईएम भेजा गया- डॉ. शैली ओबरॉय*

*- सीएम अरविंद केजरीवाल की गारंटी को पूरा करते हुए पिछले 2 महीनों से कर्मचारियों को पहली तारीख को वेतन मिल रहा है- डॉ. शैली ओबरॉय*

दिल्ली नगर निगम में जल्द सुरक्षा गार्ड और डाटा एंट्री ऑपरेटर की भर्ती की जाएगी। इससे शिक्षकों को डाटा एंट्री ऑपरेटर का काम नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। एमसीडी के अधिकांश स्कूलों में सुरक्षा कर्मी और डाटा एंट्री ऑपरेटर नहीं हैं। इसकी वजह से अभी शिक्षकों को डाटा एंट्री ऑपरेटर और सुरक्षा कर्मी का कार्य करना पड़ता है। मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि केजरीवाल सरकार से एमसीडी को पर्याप्त फंड मिल रहा है। अब जल्द एमसीडी की ओर से खाली पड़े पदों पर भर्तियां की जाएंगी।

दिल्ली की मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने आज दक्षिणी क्षेत्र के पुष्प विहार सेक्टर-1 निगम विद्यालय में आयोजित विज्ञान मेले में शिरकत की। यहां पर मेयर ने शिक्षकों को सम्मानित किया। तीन दिवसीय विज्ञान मेले के आयोजन पर प्रसन्नता जताते हुए मेयर ने वैज्ञानिक ज्ञान और रचनात्मकता के लिए सभी शिक्षकों एवं छात्रों के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा एक सफल विद्यार्थी के लिए एक जरूरी बुनियाद है। निगम के शिक्षक छात्रों को अपनी कड़ी मेहनत के द्वारा हमारी संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों की शिक्षा दे रहे हैं। वह स्वयं भी एक शिक्षक रही हैं तथा उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाया है। शिक्षा सबसे नॉबेल व्यवसाय है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार शिक्षा पर बहुत जोर दे रही है क्योंकि उनका मानना है कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे दुनिया को बदला जा सकता है। देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाया जा सकता है। इसी क्रम में कार्य करते हुए निगम विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रशिक्षण के लिए आईआईएम जैसे उत्कृष्ट संस्थान में भेजा गया है।

मेयर ने कहा कि उन्होंने स्कूलों का निरीक्षण किया तो यह पाया कि कई स्कूलों में की कमियां हैं। स्कूलों में सुरक्षा गार्ड नहीं हैं। इसके अलावा डाटा एंट्री ऑपरेटर का अभाव है। इस संबंध में इन सभी कार्यों के लिए दिल्ली नगर निगम को दिल्ली सरकार द्वारा उपयुक्त फंड उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे में निगम विद्यालयों में जल्द ही सुरक्षा गार्ड,डाटा एंट्री ऑपरेटर की भर्ती की जायेगी और सुनिश्चित किया जायेगा कि बच्चों को साफ एवं सुरक्षित वातावरण मिले। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में निगम की आप सरकार दिल्ली सरकार के शिक्षा मॉडल को निगम विद्यालयों में लागू करेगी।

मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने कहा कि निगम चुनाव के समय दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गारंटी को पूरा करते हुए पिछले 2 महीनों से कर्मचारियों को पहली तारीख को वेतन मिल रहा है। इस अवसर पर पार्षद अरुण नावारियां, पार्षद प्रेम चौहान, सेंट्रल जॉन उपायुक्त डा नवीन अग्रवाल सहित अन्य दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

*वैज्ञानिक विषयों पर मॉडल एवं सामाजिक संदेश देने वाले कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए*

प्रदर्शनी में दक्षिणी जोन के स्कूलों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों जैसे चंद्रयान, मोंटा अनाज, ऊर्जा पर मॉडल प्रस्तुत किए। छात्रों ने सामाजिक संदेश देते सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मेयर डॉ ओबरॉय ने अपने वैज्ञानिक ज्ञान और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने के लिए शिक्षकों और छात्रों के प्रयासों की सराहना की।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.