296 सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण, भाजपा ने कहा—वादे नहीं, अब फैसले जमीन पर

संदीप कपूर बोले—वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों को मिला अधिकार, पिछली सरकारें देती रहीं सिर्फ आश्वासन

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में वर्षों से दैनिक वेतन पर सेवाएं दे रहे 296 सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण को भाजपा ने कर्मचारी हित में बड़ा कदम बताया है। पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि निगम की भाजपा सरकार ने सफाई कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कार्रवाई की है।

संदीप कपूर ने कहा कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को नियमितीकरण का लाभ मिलना उनके सम्मान, भविष्य की सुरक्षा और स्थायित्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रहा है।

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने कर्मचारियों को केवल आश्वासन दिए, लेकिन भाजपा ने उन आश्वासनों को निर्णय और कार्रवाई में बदलने का काम किया है। निगम में कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

दो चरणों में मिला नियमितीकरण का लाभ

निगम के अनुसार, जोनल स्क्रीनिंग कमेटियों की संस्तुतियों और संबंधित अधिकारियों की अनुशंसा के आधार पर कुल 296 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया गया है। इनमें 1 अप्रैल 1998 से 31 मार्च 2000 के बीच सामान्य रूप से कार्यरत 160 कर्मचारियों को 1 अप्रैल 2006 से तथा 1 अप्रैल 2000 से 31 मार्च 2002 के बीच कार्यरत 136 कर्मचारियों को 1 अप्रैल 2008 से नियमितीकरण का लाभ प्रदान किया गया है।

संदीप कपूर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में काम करते हुए दिल्ली को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे कर्मचारियों के हित में लिए जा रहे निर्णय न केवल उन्हें आर्थिक और सेवा संबंधी सुरक्षा देंगे, बल्कि उनके परिवारों के भविष्य को भी मजबूती प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों को नियमों के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा सरकार का लक्ष्य कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन देना नहीं, बल्कि उन्हें उनके अधिकारों का वास्तविक लाभ दिलाना है।