नई दिल्ली, 20.5.26
दिल्ली के हसनपुर डिपो के सामने अवैध रूप से मलबा डाले जाने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो MCD की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है और न ही पुलिस प्रशासन इस समस्या को लेकर गंभीर दिखाई दे रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मुख्य सड़क के किनारे लगातार मलबा डंप किए जाने से सड़क संकरी हो गई है, जिससे आम लोगों का चलना तक मुश्किल हो गया है। दिनभर धूल उड़ने से आसपास रहने वाले लोगों को सांस संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं रात के समय हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मलबा डाला जा रहा है, लेकिन MCD और पुलिस की कथित मिलीभगत के चलते कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध डंपिंग पर रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है।
क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध मलबा डालने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क को तुरंत साफ कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि “जब शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होती, तो लोगों का सिस्टम से भरोसा उठने लगता है।” अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाता है।
