मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल, उत्तर पूर्वी जिले का एक साल भी रहा ऐतिहासिक : डॉ यू के चौधरी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी उत्तर पूर्वी जिला की सांगठनात्मक बैठक जिला कार्यालय पर उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ यू के चौधरी ने की। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार भाटिया, विधायक अजय महावर, जिला प्रभारी दिनेश प्रताप, संयोजक सचिन मावी, गुलाब सिंह राठौर तथा मीडिया प्रभारी दीपक चौहान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए राजकुमार भाटिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रनिष्ठा, देशभक्ति और सर्वस्पर्शी विचारधारा के साथ कार्य करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने बताया कि 5 जून से पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण अभियान शुरू होगा। वहीं 9 से 12 जून तक मंडल स्तर पर मीडिया कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 8 से 12 जून तक सांसद, विधायक और निगम पार्षद एक रात्रि प्रवास कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा बूथ स्तर तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही विशेष जनसंपर्क अभियान, प्रगतिपथ यात्रा और जनकल्याण शिविरों के माध्यम से केंद्र, राज्य और निगम सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। 21 जून से 28 जून तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विधायक अजय महावर ने कहा कि उत्तर पूर्वी जिला सदैव संगठनात्मक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने डॉ यू के चौधरी को जिला अध्यक्ष के रूप में एक वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा करने पर शुभकामनाएं देते हुए कार्यकर्ताओं से निरंतर संगठन के कार्यों में सक्रिय रहने का आह्वान किया।

जिला प्रभारी दिनेश प्रताप ने कहा कि भाजपा का वर्तमान दौर स्वर्णिम काल है और प्रत्येक कार्यकर्ता को इसका हिस्सा होने पर गर्व महसूस होता है।

जिला अध्यक्ष डॉ यू के चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही बनती है। उन्होंने कहा कि उनके एक वर्ष के कार्यकाल की सफलता का श्रेय मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्र स्तर पर कार्य कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है।

बैठक में आनंद त्रिवेदी, रंजन त्यागी, योगेंद्र राजोरा, निर्मला उप्रेती, राजू बंसल, बृजेश सिंह, रेखा रानी, अनिल त्यागी, अनिल गौड़, नवनिता गुड़िया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।