एमसीडी में डिजिटल सर्कुलर सिस्टम लागू करने की मांग, मनोज कुमार जैन ने महापौर और आयुक्त को लिखा पत्र

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नामित पार्षद मनोज कुमार जैन ने निगम प्रशासन में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महापौर प्रवेश वाही तथा आयुक्त संजीव खिरवार को पत्र लिखकर एमसीडी में “डिजिटल सर्कुलर सिस्टम” लागू करने का सुझाव दिया है।

अपने पत्र में मनोज कुमार जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री के “डिजिटल इंडिया” विजन और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली नगर निगम को अपने प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बड़ी संख्या में सर्कुलर, नोटिस, आदेश और बैठकों के एजेंडा कागज पर छापकर वितरित किए जाते हैं, जिससे न केवल खर्च बढ़ता है बल्कि कागज की खपत भी अधिक होती है।

उन्होंने सुझाव दिया कि निगम के सभी आधिकारिक सर्कुलर, नोटिस, आदेश और बैठक एजेंडा ई-मेल, व्हाट्सएप तथा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पार्षदों, नामित सदस्यों और अधिकारियों तक पहुंचाए जाएं। इसके लिए सभी संबंधित लोगों का एक आधिकारिक ई-मेल डाटाबेस भी तैयार किया जाए, जिससे सूचना का आदान-प्रदान अधिक प्रभावी और व्यवस्थित हो सके।

मनोज कुमार जैन ने यह भी प्रस्ताव रखा कि सभी आधिकारिक दस्तावेज हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी किए जाएं। साथ ही ई-मेल भेजने के बाद फोन कॉल या संदेश के माध्यम से भी सूचना दी जाए, ताकि कोई महत्वपूर्ण जानकारी किसी तक पहुंचने से न छूटे।

उन्होंने कहा कि डिजिटल सर्कुलर सिस्टम लागू होने से कागज की बचत होगी, प्रशासनिक खर्च में कमी आएगी, संचार प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनेगी तथा डिजिटल गवर्नेंस को मजबूती मिलेगी। इससे निगम की कार्यप्रणाली अधिक आधुनिक, प्रभावी और पर्यावरण-अनुकूल बन सकेगी।

मनोज कुमार जैन ने आशा व्यक्त की कि एमसीडी प्रशासन इस जनहित एवं पर्यावरण हितैषी सुझाव पर गंभीरता से विचार करेगा और दिल्ली नगर निगम को पूर्णतः डिजिटल प्रशासन की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगा।