काम में अनदेखी पड़ी भारी, बिल्डिंग विभाग के सहायक अभियंता पर गिरी गाज

नई दिल्ली। सैद-उल-अज़ैब में भवन ढहने की घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग विभाग-II, दक्षिण क्षेत्र के सहायक अभियंता सुदेश सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 30 मई 2026 को नई दिल्ली के सैद-उल-अज़ैब स्थित पश्चिमी मार्ग, गली नंबर-5, खसरा नंबर-262 में स्थित संपत्ति के ढहने के मामले में प्रभावी निगरानी और पर्यवेक्षण नहीं किए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई है। आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी ने अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती, जिसके चलते सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।

भवन हादसे के बाद निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में पर्यवेक्षण की कमी सामने आने पर यह कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार, निगम अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है और यदि अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

एमसीडी की इस कार्रवाई को अवैध और असुरक्षित निर्माणों पर निगरानी को लेकर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। निगम प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।