“6 कमरों की इजाजत, 25 बना डाले! दिल्ली होटल अग्निकांड में बड़ा खुलासा — लापरवाही ने ली 21 जिंदगियां”
नई दिल्ली।दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण होटल अग्निकांड में अब एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। जिस होटल में आग लगने से 21 लोगों की दर्दनाक मौत हुई, वहां नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गई थीं।
सूत्रों के मुताबिक, होटल को महज 6 कमरों की अनुमति दी गई थी, लेकिन मालिकों ने नियमों को ताक पर रखकर करीब 25 कमरे तैयार कर दिए। इस अवैध विस्तार ने ही इस इमारत को “मौत का जाल” बना दिया।
बुधवार सुबह लगी इस भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। धुएं और लपटों से घिरे लोगों को जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों से छलांग लगाने पर मजबूर होना पड़ा। कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिल्डिंग में न तो पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम थे और न ही सही तरीके से इमरजेंसी एग्जिट। ज्यादा कमरों के चलते रास्ते संकरे हो गए थे, जिससे लोग बाहर नहीं निकल पाए और धुएं में फंस गए।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह भी देखा जा रहा है कि होटल के पास फायर NOC थी या नहीं और अवैध निर्माण कैसे हुआ। लापरवाही साबित होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।
ये हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही की वो आग है जिसने 21 जिंदगियां निगल लीं।
