मालवीय नगर अग्निकांड पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने जताई चिंता, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली। मालवीय नगर स्थित ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग की घटना पर कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बेसमेंट में फंसे तीन नाइजीरियन नागरिकों का गंभीर रूप से घायल होना बेहद दुखद है और यह घटना राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
नाज़िया दानिश ने राहत एवं बचाव कार्य में जुटे दमकल कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता के कारण तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि यह जांच का विषय है कि संबंधित प्रतिष्ठान में फायर सेफ्टी के नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि किसी प्रकार की लापरवाही, अवैध निर्माण या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और राजधानी के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी ऑडिट को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
नाज़िया दानिश ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सरकार को हादसों के बाद नहीं, बल्कि पहले से रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
