ओ-ज़ोन को लेकर भाजपा ने लोगों को दिया भरोसा, किसी की बस्ती नहीं उजड़ेगी: मनोज तिवारी

नई दिल्ली, 9 जून। यमुना किनारे बसे गांवों और 92 नियमित कॉलोनियों को ओ-ज़ोन में शामिल किए जाने के मुद्दे पर बढ़ती चिंताओं के बीच भाजपा सांसद मनोज तिवारी और रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सोमवार को संयुक्त प्रेस वार्ता कर लोगों को आश्वस्त किया कि किसी भी पुराने गांव या पहले से नियमित कॉलोनी को तोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली भाजपा संगठन इस विषय को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं और 15 लाख से अधिक प्रभावित लोगों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट कर दिया गया है कि ओ-ज़ोन में आने वाले गांवों और कॉलोनियों की पुरानी आबादी में किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की जाएगी। हाईकोर्ट का आदेश केवल नए निर्माणों पर लागू होता है। लोगों से अपील की गई है कि अंतिम निर्णय आने तक नए निर्माण कार्य से बचें।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि बैठक में यह तथ्य भी सामने रखा गया कि संबंधित 92 कॉलोनियों को वर्ष 2008 में नियमित किया जा चुका था और उस समय वे एफ-ज़ोन में थीं। बाद में वर्ष 2010 में तत्कालीन केंद्र और दिल्ली की कांग्रेस सरकारों ने इन्हें ओ-ज़ोन में शामिल कर दिया। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ समितियों और डीडीए की जांच में भी यह पाया गया है कि इन क्षेत्रों का यमुना नदी के प्रवाह या पर्यावरण पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सभी सांसद जल्द ही केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर उन्हें वास्तविक स्थिति से अवगत कराएंगे, ताकि प्रभावित 15 लाख लोगों को न्याय मिल सके।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में त्रुटिपूर्ण तरीके से ओ-ज़ोन लागू किया गया है, उन्हें इस दायरे से बाहर लाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है और भाजपा सरकार किसी भी नागरिक को बेघर नहीं होने देगी।

मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा से उनकी विस्तृत चर्चा हुई है। सभी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ओ-ज़ोन क्षेत्र में किसी भी मौजूदा मकान को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। केवल नए निर्माणों को न्यायालय के आदेशों के अनुरूप देखा जाएगा।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अपनी दस वर्षों की विफलताओं को छिपाने के लिए लोगों में भय का माहौल बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओ-ज़ोन क्षेत्रों में बिजली कनेक्शन तक उपलब्ध नहीं कराए गए थे, जबकि भाजपा सरकार ने इन इलाकों में बिजली मीटर लगाने का रास्ता साफ किया है।

भाजपा सांसदों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी परिवार को उसके घर से बेदखल नहीं किया जाएगा और सरकार उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।