उपराज्यपाल से मिले महापौर प्रवेश वाही, दिल्ली के विकास और नागरिक सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

नई दिल्ली, 09 जून। दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने आज दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से शिष्टाचार भेंट कर राजधानी के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। करीब 25 मिनट तक चली इस बैठक में दिल्ली के समग्र विकास और जनकल्याण से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

महापौर प्रवेश वाही ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को दूरदर्शी सोच, प्रशासनिक अनुभव और प्रभावी नेतृत्व वाला व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सुझाव दिल्ली के विकास एवं सुशासन को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे।

बैठक में राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हाल की घटनाओं के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था में सुधार, सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने तथा विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर भी विचार किया गया।

महापौर ने कहा कि दिल्ली के सर्वांगीण विकास के लिए दिल्ली नगर निगम और उपराज्यपाल कार्यालय के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार की सकारात्मक और परिणामोन्मुख बैठकों से राजधानी में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में और सुधार होगा।

बैठक के दौरान Narendra Modi के “विकसित भारत” संकल्प और रेखा गुप्ता के “विकसित दिल्ली” विजन पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने राजधानी को स्वच्छ, सुरक्षित, शिक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के नागरिकों के हित में किए जा रहे कार्यों के लिए दिल्ली नगर निगम को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और निगम द्वारा संचालित जनहितकारी पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास और नागरिकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित संस्थाएं मिलकर कार्य करेंगी।