शिक्षा और खेल सुविधाओं के विस्तार को मिलेगी नई गति, विधायक डॉ. अनिल गोयल ने स्कूलों का किया निरीक्षण

नई दिल्ली। कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और खेल सुविधाओं को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक डॉ. अनिल गोयल ने विभिन्न सरकारी विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ स्कूल परिसरों का दौरा कर विकास कार्यों की संभावनाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण अभियान के तहत डॉ. गोयल ने एसकेवी स्कूल, चंद्र नगर, साई मेमोरियल स्कूल के निकट प्रस्तावित नए सीएमश्री विद्यालय तथा झील कुरंजा स्कूल का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ विद्यालयों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, भवनों की स्थिति, खेल मैदानों और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

इस दौरान डॉ. गोयल ने स्पष्ट कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ऐसा वातावरण देना है जहां वे शिक्षा के साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने झील स्थित विद्यालय में प्रस्तावित स्विमिंग पूल और मिनी स्टेडियम के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

विधायक ने एसकेवी स्कूल, चंद्र नगर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम तथा 50 नए कक्षों वाले भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए और कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।

डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार सरकारी विद्यालयों को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएमश्री विद्यालयों को मॉडल स्कूलों के रूप में विकसित कर छात्रों को निजी शिक्षण संस्थानों के समान बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, “बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब उन्हें उत्कृष्ट शिक्षा के साथ खेलों के लिए भी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलें। हमारा प्रयास है कि कृष्णा नगर के विद्यालय भविष्य में शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता के केंद्र बनें।”

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि प्रस्तावित परियोजनाओं की सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होते ही विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

स्थानीय निवासियों और विद्यालय प्रबंधन ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा तथा कृष्णा नगर के विद्यालय शिक्षा और खेल के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेंगे।