नई दिल्ली। गीता कॉलोनी के 9 ब्लॉक स्थित सिलाई केंद्र से श्मशान घाट तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने पर डेम्स (DEMS) चेयरमैन संदीप कपूर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने इसे विकास कार्यों में बाधा डालने वाली और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली गैर-जिम्मेदाराना हरकत बताया।
जानकारी के अनुसार, निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों ने मंगलवार रात करीब 8:30 बजे कार्य पूरा करने के बाद सुरक्षा के लिए पूरी सड़क पर बैरिकेडिंग लगा दी थी। लेकिन देर रात कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग हटाकर निर्माणाधीन सड़क पर अपने वाहन चला दिए। इतना ही नहीं, सड़क निर्माण में लगाए गए सरियों को भी निकालकर ले जाने का मामला सामने आया है।
संदीप कपूर ने कहा कि सरकार और स्थानीय निकाय जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर विकास कार्य करा रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों की लापरवाही और स्वार्थपूर्ण सोच ऐसे प्रयासों को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की संपत्ति होती है और उसकी सुरक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही निर्माण स्थलों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की भी आवश्यकता बताई।
संदीप कपूर ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों में सहयोग करें, निर्माण स्थलों पर लगाई गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का सम्मान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही क्षेत्र का विकास तेज गति से और बेहतर तरीके से संभव हो सकेगा।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में सिविक सेंस और सार्वजनिक संपत्ति के प्रति जिम्मेदारी के सवाल को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि विकास कार्यों को सफल बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है।
