मोदी सरकार के 12 साल: विकास, विश्वास और जनसेवा का स्वर्णिम अध्याय — हर्ष मल्होत्रा

नई दिल्ली, 12 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर दिल्ली भाजपा ने इसे विकास, सुशासन और जनविश्वास की ऐतिहासिक यात्रा बताया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने गांव की चौपाल से लेकर वैश्विक मंच तक अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने शासन को जनसेवा का माध्यम बनाते हुए देश के 140 करोड़ नागरिकों तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने मेट्रो, हाईवे, डिजिटल इंडिया, रक्षा उत्पादन, स्टार्टअप, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। वहीं दिल्ली में मेट्रो विस्तार, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, भारत मंडपम, नई सुरंग परियोजनाओं और इलेक्ट्रिक बसों जैसी योजनाओं ने राजधानी की तस्वीर बदलने का काम किया है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल शासन के नहीं, बल्कि विश्वास, विरासत और विकास के समन्वय के वर्ष रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली भाजपा जल्द ही केंद्र सरकार के 12 वर्षों और दिल्ली सरकार के 15 महीनों की उपलब्धियों को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी तथा घर-घर जाकर जनता को विकास कार्यों की जानकारी देगी।