नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अंकुश नारंग ने सोनिया विहार में O-Zone के नाम पर हुई कथित तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह कर रही है और उसके नेताओं के बयान तथा जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
अंकुश नारंग ने कहा कि एक दिन पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री कपिल मिश्रा सोनिया विहार पहुंचकर लोगों को भरोसा दिला रहे थे कि क्षेत्र की एक भी ईंट नहीं टूटने दी जाएगी, लेकिन अगले ही दिन O-Zone के नाम पर 25 और 50 गज के मकानों में तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हो गई।
उन्होंने कहा, “यदि सरकार को कार्रवाई करनी थी तो जनता को भ्रमित क्यों किया गया? भाजपा नेताओं के आश्वासन और प्रशासनिक कार्रवाई एक-दूसरे के विपरीत दिखाई दे रहे हैं। इससे लोगों का सरकार पर से विश्वास उठ रहा है।”
अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को सुनने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
उन्होंने मांग की कि सरकार सोनिया विहार में हुई कार्रवाई पर अपना स्पष्ट रुख बताए, प्रभावित लोगों को राहत दे तथा भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पहले स्थानीय निवासियों से संवाद स्थापित करे।
अंकुश नारंग ने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी और प्रभावित परिवारों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।
