कालिंदी कुंज घाट पर भाजपा का महा स्वच्छता अभियान, स्वच्छ यमुना-स्वच्छ दिल्ली का लिया संकल्प

नई दिल्ली। स्वच्छ यमुना एवं स्वच्छ दिल्ली के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए भाजपा मयूर विहार जिला द्वारा कालिंदी कुंज घाट पर एक विशाल महा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष विजेंद्र धामा ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद Swati Maliwal ने भाग लेकर अभियान को समर्थन दिया।

अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने यमुना तट की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने यमुना को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं बल्कि देश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय धरोहर है। उन्होंने कहा कि यमुना के संरक्षण और स्वच्छता के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में चल रहे स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस जनआंदोलन ने देशभर में स्वच्छता के प्रति नई चेतना पैदा की है और यमुना संरक्षण के प्रयास उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

कार्यक्रम में निगम पार्षद रेणु चौधरी, जिला महामंत्री भावना जैन सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने यमुना को प्रदूषणमुक्त बनाने और स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प दोहराया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ यमुना, स्वच्छ दिल्ली और स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया।