कालकाजी के पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग पर नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने जताई चिंता, जांच की मांग

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी स्थित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में रविवार सुबह लगी भीषण आग की घटना पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला बताया है।

अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाएं भाजपा सरकार और भाजपा शासित एमसीडी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी, निगरानी व्यवस्था में ढिलाई तथा बिना सख्त जांच-पड़ताल के अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किए जाने का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को केवल प्रचार और दावों की नहीं, बल्कि सुरक्षित बाजारों, सुरक्षित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और जवाबदेह प्रशासन की आवश्यकता है। यदि सुरक्षा मानकों का ईमानदारी से पालन कराया जाता तो ऐसी घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता था।

नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि कालकाजी आग हादसे की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि किसी अधिकारी या विभागीय कर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दोषियों को जवाबदेह ठहराना आवश्यक है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।

अंकुश नारंग ने हादसे से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।