जय भगवान यादव के नेतृत्व में यमुना स्वच्छता अभियान तेज, घाट संख्या 3.5 और 4 पर चला विशेष सफाई अभियान
नई दिल्ली। एमसीडी में नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव के नेतृत्व में यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के उद्देश्य से घाट संख्या 3.5 और 4 पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निगम कर्मियों ने मिलकर यमुना तट की सफाई कर स्वच्छ यमुना का संदेश दिया।
इस अवसर पर दिल्ली के हनुमान तट और त्रिलोकपुरी से विधायक रविकांत विशेष रूप से उपस्थित रहे। अभियान को सफल बनाने में करावल नगर एसडीएम कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ एमसीडी के सभी विभागों की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
जय भगवान यादव ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और जीवन का आधार है। यमुना की स्वच्छता और पुनर्जीवन के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से यमुना को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।
उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “स्वच्छ यमुना, समृद्ध यमुना” का संकल्प केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन है।
अभियान के दौरान उपस्थित लोगों ने यमुना को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प भी लिया।
