शास्त्री नगर में नेता सदन जय भगवान यादव का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता पर दिया जोर

नई दिल्ली, 18 जून। दिल्ली नगर निगम में नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने गुरुवार को शास्त्री नगर वार्ड-70 का निरीक्षण कर अधिकारियों को सड़कों को गड्ढा मुक्त और अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वच्छ और हरित दिल्ली के संकल्प को साकार करने के लिए निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद मनोज कुमार जिंदल, क्षेत्र की उपायुक्त कनिका तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जय भगवान यादव ने कहा कि अब शौचालयों, पार्कों और सड़कों के रखरखाव से जुड़े कार्यों के लिए धन की कमी नहीं रहने दी जाएगी और लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकानों के बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका कहना था कि अतिक्रमण के कारण नालों का प्रवाह बाधित होता है, जिससे जलभराव और सफाई संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने सड़कों और नालों से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के पास लगने वाली वैध तहबाजारी को व्यवस्थित करने तथा क्षेत्र से अवैध तहबाजारी हटाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही धूल नियंत्रण, एफसीटीएस केंद्रों के रंग-रोगन और सड़कों के गड्ढे भरने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

जय भगवान यादव ने क्षेत्र के महिला एवं पुरुष सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, जलापूर्ति और रखरखाव की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ए-ब्लॉक स्थित शास्त्री बुत पार्क का भी दौरा किया और पार्क के रखरखाव को सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए चार श्रेणियों में पृथक्करण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए तथा स्वच्छ दिल्ली के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है।

5 रुपये की रसोई की सराहना

निरीक्षण के दौरान जय भगवान यादव ने पार्षद मनोज कुमार जिंदल द्वारा संचालित जनरसोई का भी दौरा किया, जहां मात्र 5 रुपये में लोगों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया और कहा कि ऐसे प्रयास समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। के