नई दिल्ली। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र के 17 ब्लॉक स्थित गीता कॉलोनी कम्युनिटी सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय विशाल ‘जन कल्याण शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।

कृष्णा नगर के विधायक डॉ. अनिल गोयल ने शिविर का निरीक्षण कर नागरिकों से संवाद किया और विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील भी की।

शिविर में गांधी नगर सब-डिवीजन के एसडीएम जितेंद्र कुमार, भाजपा नेता भूषण टक्कर, प्रशासनिक अधिकारियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस दौरान नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

शिविर में आधार कार्ड पंजीकरण एवं अपडेट, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण, राशन कार्ड, पिंक कार्ड और ई-श्रम कार्ड से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा पीएम स्वनिधि, पीएम-उदय योजना, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं से जुड़े कार्यों का भी निस्तारण किया गया।

दिल्ली जल बोर्ड के जल कनेक्शन नियमितीकरण, हाउस टैक्स सहायता, पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर ऊर्जा संबंधी जानकारी तथा एमएसएमई एवं उद्योगों के लिए ऋण सुविधाओं की जानकारी भी नागरिकों को उपलब्ध कराई गई। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत निःशुल्क पौधों का वितरण भी किया गया।

शिविर में पहुंचे लोगों ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया और इस पहल की सराहना की। नागरिकों का कहना था कि एक ही स्थान पर अनेक सरकारी सेवाओं की उपलब्धता से समय और संसाधनों की बचत हुई है तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करना पहले की तुलना में अधिक सरल हो गया है।

आयोजकों के अनुसार जन कल्याण शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को आम जनता तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि शिविर के आगामी चरणों में भी नागरिकों को विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। विधायक डॉ. अनिल गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे जनसेवा कार्यक्रमों के माध्यम से विकास और जनकल्याण की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगी तथा आत्मनिर्भर और विकसित कृष्णा नगर के निर्माण को नई गति मिलेगी।