घर-घर संपर्क अभियान के अंतिम दिन राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने किया जनसंवाद

नई दिल्ली। केंद्र एवं दिल्ली सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से दिल्ली भाजपा द्वारा चलाए जा रहे तीन दिवसीय “घर-घर संपर्क अभियान” के अंतिम दिन राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली गेट वार्ड की समिति संख्या 115 एवं 116 में घर-घर जाकर नागरिकों से संवाद किया।

अभियान के दौरान सांसद स्वाति मालीवाल ने क्षेत्रवासियों को केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहितकारी पहलों की जानकारी दी। साथ ही स्थानीय लोगों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा के सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता तथा अन्य स्थानीय कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों से संबंधित जानकारी साझा की और नागरिकों से संवाद स्थापित किया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि घर-घर संपर्क अभियान का उद्देश्य सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को सीधे जनता तक पहुंचाना तथा जनभागीदारी को मजबूत बनाना है। यह अभियान संगठन और समाज के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।