बांग्लादेश-ऑस्ट्रेलिया मैच पर सट्टा लगवा रहे दो शातिर गिरफ्तार, शाहदरा पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का किया भंडाफोड़
नई दिल्ली, 21 जून 2026। दिल्ली पुलिस की शाहदरा जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बांग्लादेश बनाम ऑस्ट्रेलिया टी-20 मैच पर अवैध सट्टा संचालित कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, डायरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि सीमापुरी क्षेत्र में कुछ लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवा रहे हैं। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर आशीष कुमार के नेतृत्व में और एसीपी ऑपरेशंस मोहिंदर सिंह की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की।
छापे के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को रंगे हाथों ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित करते हुए पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय (48 वर्ष) और सुनील दत्त (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के जीटीबी एन्क्लेव क्षेत्र के निवासी हैं।
जांच में पता चला कि अक्षय लैपटॉप पर बेटिंग कैलकुलेटर एप्लिकेशन के जरिए सट्टे के लेन-देन और हिसाब-किताब का रिकॉर्ड रख रहा था, जबकि सुनील दत्त मोबाइल फोन पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग दिखाकर सट्टेबाजों से दांव स्वीकार कर रहा था। पूछताछ में सुनील ने “क्रिकेट गुरु” एप्लिकेशन का उपयोग करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर लिया है। इस मामले में थाना सीमापुरी में एफआईआर संख्या 405/26 के तहत दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, 1955 की धारा 3, 4 और 5 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।बरामदगी01 लैपटॉप03 मोबाइल फोन01 लैपटॉप चार्जर02 मोबाइल चार्जर01 डायरी।शाहदरा पुलिस अब इस अवैध सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और इसके वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में अवैध जुए और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
