ओखला की बदहाल व्यवस्था पर विधायक से जवाब मांग रही जनता: नाज़िया दानिश

नई दिल्ली। ओखला विधानसभा क्षेत्र में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, टूटी सड़कों और पेयजल संकट जैसी समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेता एवं निगम पार्षद नाज़िया दानिश ने विधायक अमानतुल्लाह खान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक पोस्टर जारी कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की है।

नाज़िया दानिश का कहना है कि ओखला के कई इलाकों में लोग लंबे समय से गंदगी, सीवर के पानी और खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के दावों के बावजूद क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक क्यों नहीं है।

पोस्टर में अबुल फज़ल एन्क्लेव सहित कई इलाकों की तस्वीरें साझा करते हुए जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, टूटी सड़कों और पेयजल संकट जैसे मुद्दों को उठाया गया है। नाज़िया दानिश ने कहा कि क्षेत्र की जनता इन समस्याओं से परेशान है और अपने जनप्रतिनिधि से जवाब चाहती है।

उन्होंने मांग की कि संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

“ओखला की जनता अब जवाब चाहती है। विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को दूर करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।”