डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर शहीदी पार्क में श्रद्धांजलि, महापौर प्रवेश वाही ने किया नमन
नई दिल्ली, 23 जून। भारत की अखंडता और एकात्मता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले प्रखर राष्ट्रवादी नेता एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर दिल्ली गेट स्थित शहीदी पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के साथ एमसीडी के महापौर प्रवेश वाही ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार और सिद्धांत आज भी करोड़ों देशवासियों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका बलिदान भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्रवाद के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। देश की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के विकास और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान वृक्षारोपण भी किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
