नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी में विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में बेगमपुर वार्ड-27 में भी विभिन्न विकास परियोजनाओं को युद्धस्तर पर क्रियान्वित किया जा रहा है। यह बात बेगमपुर वार्ड से पार्षद एवं भाजपा नेता जय भगवान यादव ने क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान कही।
जय भगवान यादव ने कहा कि उनका संकल्प है कि वार्ड की कोई भी गली विकास कार्यों से अछूती न रहे। क्षेत्र में सड़क, नाली, सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जनहित से जुड़े सभी निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है और समय-समय पर अधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित कर विकास योजनाओं को गति दी जा रही है।
उन्होंने आज बेगमपुर वार्ड-27 के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

जय भगवान यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और दिल्ली नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बेगमपुर वार्ड विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श वार्ड के रूप में स्थापित होगा।

उन्होंने कहा, “विकसित दिल्ली, सशक्त वार्ड और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लक्ष्य को लेकर हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। जनता के सहयोग से क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।”
