अंकुश नारंग का एमसीडी कमिश्नर को पत्र, मानसून की तैयारियों की मांगी रिपोर्ट

नई दिल्ली, 24 जून।आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने एमसीडी कमिश्नर को पत्र लिखकर दिल्ली में मानसून की तैयारियों की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने एमसीडी कमिश्नर से पूछा है कि क्या सभी जोनों में छोटे-बड़े नालों की सफाई हो चुकी है? जिन इलाकों में जलभराव होता है, वहां एमसीडी की ओर से क्या कदम उठाए जा रहे हैं? बारिश के दौरान करंट लगने की घटनाओं को रोकने के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि गुरुवार को निगम की बैठक से पहले मेरे सारे सवालों के जवाब मुहैया कराया जाए।

बुधवार को “आप” के वरिष्ठ नेता व एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने एमसीडी कमिश्नर संजीव खिरवार को पत्र लिखकर कहा है कि वे गुरुवार दोपहर 2 बजे होने वाली निगम की बैठक से पहले उनके सवालों के उत्तर उपलब्ध कराएं।अंकुश नारंग ने पत्र में पूछा कि क्या एमसीडी के सभी जोनों के अंतर्गत आने वाले बड़े नालों, लघु नालों, नालियों और जालियों की सफाई पूरी हो चुकी है? यदि सफाई हो गई है, तो उनसे निकली गाद का निस्तारण कहां किया गया है?

अंकुश नारंग ने आगे पूछा कि जिन क्षेत्रों में हर वर्ष जलभराव होता है, वहां विशेष रूप से विभाग द्वारा क्या-क्या कदम उठाए गए हैं? जिन कारणों से जगह-जगह जलभराव की स्थिति रहती है, क्या उनकी जांच करके समस्याओं का निष्पादन किया गया है? यदि हां तो पूर्ण विवरण उपलब्ध कराया जाए और यदि नहीं तो कारण बताए जाएं।

अंकुश नारंग ने कहा कि बारिश और जलभराव के कारण जगह-जगह करंट लगने की दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे जान-माल का काफी नुकसान होता है। इनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभाग द्वारा उठाए गए कदमों का पूरा विवरण दिया जाए। इसके साथ ही पिछले वर्ष मानसून के दौरान राजेंद्र नगर क्षेत्र में करंट लगने की दुखद घटना घटित हुई थी, उससे सबक लेते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभाग द्वारा क्या-क्या कदम उठाए गए हैं?