नई दिल्ली, 24 जून 2026।वार्ड संख्या-77 की निगम पार्षद श्रीमती किरण बाला ने दिल्ली नगर निगम के महापौर श्री प्रवेश वाही को पत्र लिखकर मीर दर्द रोड स्थित निगम बारात घर का नाम बदलकर “स्वर्गीय रमेश दत्ता बारात घर” रखने की मांग की है।
महापौर को भेजे गए पत्र में पार्षद किरण बाला ने कहा है कि स्वर्गीय रमेश दत्ता मिंटो रोड क्षेत्र से लगभग 40 वर्षों तक निगम पार्षद रहे और उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में समाज के दबे-कुचले एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाकर क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्वर्गीय रमेश दत्ता दिल्ली नगर निगम में डिप्टी मेयर के पद पर भी रह चुके हैं और उनका सार्वजनिक जीवन जनहित एवं सामाजिक सेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके योगदान को सम्मान देने और नई पीढ़ी को प्रेरणा प्रदान करने के उद्देश्य से मीर दर्द रोड स्थित निगम बारात घर का नाम उनके नाम पर रखे जाने की मांग की गई है।
पार्षद किरण बाला ने महापौर से अनुरोध किया है कि जनभावनाओं और स्वर्गीय रमेश दत्ता के निगम एवं समाज के प्रति योगदान को देखते हुए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
