लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल में सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे महापौर प्रवेश वाही, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दिए निर्देश

नई दिल्ली, 24 जून। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को लाजपत नगर स्थित कॉलोनी अस्पताल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों से बातचीत कर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद अर्जुन पाल सिंह मारवाह, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल तथा दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। महापौर ने ओपीडी, डे-केयर सेंटर, फिजियोथेरेपी यूनिट, एक्स-रे कक्ष और दवाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का निरीक्षण किया।

फिजियोथेरेपी वार्ड में एक मरीज ने महापौर को बताया कि निगम के इस अस्पताल में निजी अस्पतालों की तुलना में बेहतर फिजियोथेरेपी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। महापौर ने अस्पताल में संचालित दंत चिकित्सा, मेडिसिन, नाक-कान-गला (ईएनटी) और स्त्री रोग विशेषज्ञ सेवाओं का भी जायजा लिया।

 

महापौर प्रवेश वाही ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी विशेषज्ञ डॉक्टरों के रोस्टर को प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए ताकि मरीजों को चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने अस्पताल परिसर में दवाओं का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया ताकि किसी भी मरीज को आवश्यक दवाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अस्पताल भवन के रंग-रोगन, परिसर के सौंदर्यीकरण, खाली स्थानों पर पौधारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने दिव्यांग एवं अक्षम रोगियों के लिए कुर्सी आधारित सीढ़ी-लिफ्ट प्रणाली का निरीक्षण किया और अस्पताल परिसर में स्थित जनसुविधा केंद्र पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और अस्पतालों में संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।