भजनपुरा में अतिक्रमण रोकने की नई पहल, MCD ने सड़क किनारे खींची पीली पट्टी

दिल्ली: भजनपुरा क्षेत्र में सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने नई पहल शुरू की है। अभियान के तहत सड़क के दोनों ओर पीली पट्टी (येलो लाइन) खींची जा रही है, जिससे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों के लिए निर्धारित सीमा तय की जा सके।

स्थानीय पार्षद रेखा रानी ने बताया कि क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण लंबे समय से बड़ी समस्या बना हुआ था। इसे नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों से अपील की कि वे पीली पट्टी के बाहर अपना सामान न रखें और सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण से बचें।

पार्षद ने कहा कि इस पहल से बाजारों में व्यवस्था बेहतर होगी, यातायात सुचारु रहेगा और जाम की समस्या में कमी आएगी। साथ ही पैदल चलने वाले लोगों को भी अधिक सुविधा मिलेगी।

नगर निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहभाग से ही यह अभियान सफल होगा और सड़कें अतिक्रमण मुक्त व व्यवस्थित बन सकेंगी।