नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में नेता सदन एवं स्थायी समिति के सदस्य जय भगवान यादव ने आज वार्ड-29 के पूठ खुर्द स्थित परम पूज्य श्री साद महाराज जी के मंदिर में आयोजित विशाल भंडारे में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया और मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जय भगवान यादव ने कहा कि इस पावन अवसर पर ग्रामवासियों, मंदिर कमेटी, बुजुर्गों, माताओं-बहनों और युवा साथियों द्वारा मिला स्नेह, सम्मान एवं आत्मीय स्वागत उनके लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा। उन्होंने सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने।
जय भगवान यादव ने प्रभु श्रीराम एवं श्री साद महाराज जी से प्रार्थना की कि सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें तथा यह पावन आयोजन आने वाले वर्षों में भी इसी श्रद्धा, उत्साह और जनभागीदारी के साथ निरंतर आयोजित होता रहे। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं समाज को जोड़ने और सेवा के संस्कारों को आगे बढ़ाने का कार्य करती हैं।
