आदर्श नगर में प्री-मानसून तैयारियों की समीक्षा, जलभराव रोकने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

नई दिल्ली। मानसून के मद्देनज़र आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई। विधानसभा कार्यालय में आयोजित संयुक्त निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार, उपायुक्त शशि प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। दिल्ली में जलभराव रोकने के लिए इस वर्ष भी विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

बैठक से पहले अधिकारियों ने आदर्श नगर विधानसभा के जलभराव संभावित क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया और संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जल निकासी व्यवस्था, नालों की स्थिति तथा मानसून के दौरान संभावित चुनौतियों पर चर्चा की गई।

 

समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर इंटर-ब्रांच कोऑर्डिनेशन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या का त्वरित समाधान हो सके और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाए।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद मुकेश गोयल भी उपस्थित रहे।