गांधी नगर में 16.50 लाख की लूट का सनसनीखेज मामला 24 घंटे में सुलझा, एक आरोपी गिरफ्तार; 2.50 लाख नकद बरामद
नई दिल्ली, 12 जुलाई। शाहदरा जिले की गांधी नगर थाना पुलिस ने 16.50 लाख रुपये की हथियार के बल पर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 2.50 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया स्कूटर, लूट के पैसों से खरीदी गई नई यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, स्कूटर की हटाई गई नंबर प्लेट और अन्य अहम सबूत बरामद किए हैं। मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को गांधी नगर स्थित एक कंपनी के कलेक्शन एग्जीक्यूटिव ने विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से करीब 16.50 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। शाम करीब 4 बजे कार्यालय के बाहर जैसे ही वह अपनी होंडा एक्टिवा से कैश बैग उतार रहा था, तभी स्कूटर पर आए दो हथियारबंद बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर उससे कैश बैग, आधार कार्ड और बैंक पासबुक लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद गांधी नगर थाने में मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए स्कूटर की पिछली नंबर प्लेट हटा दी थी, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आगे की नंबर प्लेट का पता लगाकर वाहन की खरीद-बिक्री की पूरी कड़ी जोड़ ली। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 वर्षीय अल्फैद को जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास एमसीडी पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात का मास्टरमाइंड आशु था, जिसने पहले से पीड़ित की रेकी की थी। उसी ने हथियार उपलब्ध कराए और पूरी वारदात के दौरान फोन पर अपने साथियों को निर्देश देता रहा। पुलिस के अनुसार, लूट के बाद तीनों आरोपी लक्ष्मी नगर के एक होटल में मिले, जहां रकम का बंटवारा किया गया। आशु ने 6.50 लाख रुपये रखे, जबकि अल्फैद और कृष्णा को 5-5 लाख रुपये मिले।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.50 लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त टीवीएस एनटॉर्क स्कूटर, लूट की रकम से खरीदी गई यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, स्कूटर की हटाई गई नंबर प्लेट, वारदात के समय पहने गए कपड़े और मोटरसाइकिल खरीद से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
शाहदरा पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों आशु और कृष्णा की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरी लूटी गई रकम और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए जाएंगे।
