दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल पर पत्नी की गोली मारकर हत्या का आरोप, आरोपी फरार

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल पर अपनी पत्नी की कथित रूप से गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मनीष भाटी पूर्वी जिले की एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) में तैनात है। बताया जा रहा है कि सुबह पत्नी की तबीयत खराब होने पर वह उसे अस्पताल ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मनीष ने पत्नी प्रियंका को गोली मार दी। इसके बाद वह घायल पत्नी को सड़क किनारे छोड़कर कार से फरार हो गया।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपी की तलाश जारी है।