बेगमपुर वार्ड-27 में एसआईआर अभियान का निरीक्षण, मतदाताओं से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य तथा बेगमपुर वार्ड-27 के पार्षद जय भगवान यादव ने शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बेगमपुर वार्ड-27 के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर से बवाना विधानसभा के BLA-1 के रूप में मतदान सूची पुनरीक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसआईआर अभियान के तहत दिल्ली में मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए घर-घर सत्यापन और गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया चल रही है। 

जय भगवान यादव ने कहा कि निरीक्षण के दौरान यह देखकर संतोष हुआ कि नागरिक एसआईआर अभियान के प्रति जागरूक हैं और सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सटीक एवं पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।

उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि यदि उन्होंने अभी तक अपना एसआईआर कार्य पूरा नहीं कराया है तो बिना देर किए इसे पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और समय रहते प्रक्रिया पूरी करने से भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।