जहांगीरपुरी के डी-सी ब्लॉक की लाइफ लाइन सड़क का निर्माण शुरू, अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

नई दिल्ली। सिविल लाइन ज़ोन के चेयरमैन गुलाब सिंह राठौर ने जहांगीरपुरी के डी एवं सी ब्लॉक क्षेत्र की लंबे समय से जर्जर पड़ी लाइफ लाइन सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।

गुलाब सिंह राठौर ने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्माण से पहले वर्षों से नालों पर हुए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया जा रहा है, ताकि दोनों ओर स्थित बड़े नालों की सफाई कर निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग विभाग की निगरानी में सड़क का निर्माण मजबूत और टिकाऊ गुणवत्ता के साथ किया जाएगा। यह कार्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि क्षेत्र के स्थायी विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की सोच का हिस्सा है।

राठौर ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जनहित के विकास कार्य आगे भी लगातार जारी रहेंगे। सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि नई सड़क बनने के बाद आवागमन सुगम होगा और जलभराव व जर्जर सड़क जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं से राहत मिलेगी।