नई दिल्ली, 16 जुलाई। एमसीडी वार्ड कमेटी चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग को लेकर आम आदमी पार्टी ने बड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए अपने तीन पार्षदों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनादेश और पार्टी के साथ गद्दारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि वेस्ट जोन की पार्षद निर्मला देवी (शर्मा) और कृष्णा देवी राघव के साथ सिटी एसपी जोन की सुल्ताना आबाद को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बताया कि वेस्ट जोन में आम आदमी पार्टी के 13 वोट होने के बावजूद चेयरमैन पद के चुनाव में पार्टी को केवल 11 वोट मिले, जिससे दो पार्षदों द्वारा क्रॉस वोटिंग किए जाने की पुष्टि हुई। इसी आधार पर वार्ड-114 की निर्मला देवी शर्मा और वार्ड-116 की कृष्णा देवी राघव के खिलाफ कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि सिटी एसपी जोन में भी पार्षद सुल्ताना आबाद द्वारा पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के पक्ष में मतदान नहीं किए जाने के कारण पार्टी यह जोन हार गई। इसके चलते उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी का स्पष्ट संदेश है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों या क्रॉस वोटिंग में शामिल किसी भी पार्षद को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि पार्टी का होता है और पार्टी के साथ विश्वासघात स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने तत्काल कार्रवाई कर तीनों पार्षदों को निलंबित किया है। भविष्य में भी यदि कोई पार्षद पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
