नई दिल्ली। आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को लेकर महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवर्धन सिंह परमार ने दिल्ली की मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कांवड़ मार्गों पर मांस, मटन, मछली एवं शराब की दुकानों पर यात्रा अवधि के दौरान आवश्यक प्रतिबंध लगाने तथा सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
राजवर्धन सिंह परमार ने कहा कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा का सनातन धर्म में विशेष धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है। देशभर से लाखों शिवभक्त भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए कठिन नियमों और पूर्ण श्रद्धा के साथ कांवड़ यात्रा करते हैं। ऐसे में यात्रा की पवित्रता और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखने के लिए कांवड़ मार्गों पर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्गों और उसके आसपास स्थित मांस, मटन, मछली तथा शराब की दुकानों पर आवश्यक प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
राजवर्धन सिंह परमार ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे या शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली सरकार और प्रशासन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रभावी कदम उठाएगा।
