नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अंकुश नारंग ने एमसीडी वार्ड कमेटी चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप में तीन पार्षदों के निलंबन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें सम्मान, पहचान और जनसमर्थन दिया है, इसलिए पार्टी के साथ विश्वासघात किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
अंकुश नारंग ने कहा कि कभी-कभी व्यक्तिगत नाराज़गी या थोड़े से लालच के कारण पार्टी के खिलाफ मतदान कर दिया जाता है, लेकिन यह केवल किसी उम्मीदवार के खिलाफ नहीं बल्कि पूरी आम आदमी पार्टी के खिलाफ कदम होता है। उन्होंने कहा कि तीन पार्षदों की वजह से बाकी 96 पार्षदों को भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है और इससे पूरे संगठन की छवि प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत से बनी पार्टी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज द्वारा तीनों पार्षदों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे संगठन में स्पष्ट संदेश गया है कि अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
अंकुश नारंग ने पार्टी के सभी 96 पार्षदों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूती के साथ जनता की सेवा में जुटे रहने का आह्वान किया।
