भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मिली हरी झंडी, विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम: मनोज जैन

नई दिल्ली। मनोनीत पार्षद मनोज जैन ने भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए इसे भारतीय रेलवे और देश के हरित भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के जींद से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन आत्मनिर्भर भारत, ग्रीन एनर्जी और विकसित भारत-2047 के संकल्प को नई गति देगी। यह ट्रेन 10 आधुनिक कोचों के साथ लगभग 2600 यात्रियों की क्षमता रखती है और जींद–सोनीपत रेलखंड पर प्रतिदिन लगभग 356 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

मनोज जैन ने कहा कि हाइड्रोजन आधारित रेल तकनीक पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में भारत की बढ़ती क्षमता का प्रतीक है। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और भारतीय रेलवे वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आधुनिक तकनीक, हरित ऊर्जा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।