दिल्ली में 415 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर संचालित, 1,100 केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करते हुए 45 नए आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही दिल्ली में संचालित आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों की संख्या बढ़कर 415 से अधिक हो गई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उद्घाटन के दौरान कहा कि सरकार का संकल्प है कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को उसके घर और मोहल्ले के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि राजधानी में अब 415 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं तथा सरकार का लक्ष्य जल्द ही 1,100 से अधिक ऐसे केंद्र स्थापित करने का है, ताकि शहर के हर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केंद्रों पर ओपीडी सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा लगभग 80 प्रकार की निःशुल्क जांच जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य लोगों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
