पार्टी से विश्वासघात किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं, अनुशासन सर्वोपरि: राकेश कुमार

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता पूर्व पार्षद दिल्ली गेट राकेश कुमार ने एमसीडी वार्ड कमेटी चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप में तीन पार्षदों पर हुई कार्रवाई के बाद कहा कि पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को सम्मान, पहचान और जनसमर्थन दिया है। ऐसे में पार्टी के साथ विश्वासघात किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राकेश कुमार ने कहा कि कभी-कभी व्यक्तिगत नाराज़गी या अन्य कारणों से पार्टी के खिलाफ मतदान कर दिया जाता है, लेकिन यह केवल किसी उम्मीदवार के खिलाफ नहीं बल्कि पूरी पार्टी और उसके लाखों समर्थकों के विश्वास के खिलाफ होता है। उन्होंने कहा कि तीन पार्षदों की इस कार्रवाई से बाकी 96 पार्षदों की छवि भी प्रभावित हुई है और पूरे संगठन को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत से बनी पार्टी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है। उन्होंने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज द्वारा तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट संदेश गया है कि पार्टी में अनुशासन और संगठन सर्वोपरि है तथा पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राकेश कुमार ने पार्टी के सभी पार्षदों और कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को एकजुट होकर दिल्ली की जनता की सेवा के लिए कार्य करना चाहिए।