एमसीडी की सबसे ताकतवर समिति पर भाजपा का दावा, सत्या शर्मा और सत्यपाल सिंह मैदान में
स्थायी समिति अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल; महापौर बोले— कूड़े के पहाड़ हटाना और दिल्ली को सुंदर बनाना हमारी प्राथमिकता
नई दिल्ली, 21 जुलाई। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की सबसे महत्वपूर्ण और वित्तीय निर्णय लेने वाली स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए सत्या शर्मा (वार्ड-226, गौतम पुरी) और उपाध्यक्ष पद के लिए सत्यपाल सिंह (वार्ड-248, करावल नगर वेस्ट) का नामांकन दाखिल कराया। 27 जुलाई को होने वाले चुनाव में भाजपा मजबूत स्थिति में मानी जा रही है, क्योंकि हाल ही में हुए जोनल और स्थायी समिति चुनावों के बाद पार्टी ने समिति में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है।

सिविक सेंटर स्थित निगम सचिव कार्यालय में नामांकन के दौरान महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव, स्थायी समिति सदस्य हेमचंद गोयल और वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल मौजूद रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में नगर निगम की कार्यशैली में सुधार आया है और अब विकास कार्यों में तेजी दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि निगम का सबसे बड़ा लक्ष्य राजधानी के कूड़े के पहाड़ों का समयबद्ध निस्तारण है। ओखला लैंडफिल को जल्द हरित पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि भलस्वा और गाजीपुर लैंडफिल साइटों पर भी तेजी से काम चल रहा है। गाजीपुर में नई एजेंसी और आधुनिक मशीनों के जरिए कूड़ा निस्तारण की गति बढ़ाई जाएगी। साथ ही एनटीपीसी द्वारा बड़ी मात्रा में इनर्ट सामग्री उठाए जाने से इस अभियान को और गति मिलेगी।
अब निगाहें 27 जुलाई को होने वाले स्थायी समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव पर टिकी हैं। यह समिति एमसीडी की सबसे प्रभावशाली इकाई मानी जाती है, जो बड़े वित्तीय और विकास संबंधी प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय लेने की अहम भूमिका निभाती है।
