एमसीडी की स्थायी समिति की कमान फिर संभालेंगी सत्या शर्मा, बोलीं- भाजपा के संकल्पों को धरातल पर उतारना पहली प्राथमिकता

नई दिल्ली, 21 जुलाई। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की वरिष्ठ पार्षद सत्या शर्मा ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया। एमसीडी की 18 सदस्यीय स्थायी समिति में भाजपा के 12 सदस्यों के स्पष्ट बहुमत के चलते उनके दोबारा अध्यक्ष चुने जाने की संभावना प्रबल मानी जा रही है। समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव 27 जुलाई को प्रस्तावित है। 

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में सत्या शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व और सहयोग से एमसीडी को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता वर्ष 2022 के एमसीडी चुनाव में भाजपा द्वारा जनता से किए गए वादों को पूरा करना होगी। पिछले बजट में की गई घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने, विकास कार्यों की निगरानी मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

सत्या शर्मा ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद भलस्वा, ओखला और गाजीपुर के कूड़े के पहाड़ लगातार छोटे हुए हैं और इन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन, पार्कों का रखरखाव, सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर समन्वय का सीधा लाभ राजधानी के लोगों को मिल रहा है और इसी तालमेल के साथ एमसीडी में विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी। उनके अनुसार, स्थायी समिति ऐसे निर्णय लेगी जिनका सीधा लाभ दिल्ली की जनता को मिले।