SIR के नाम पर लोकतांत्रिक अधिकारों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’: नाज़िया दानिश
SIR पर नाज़िया दानिश का हमला
नई दिल्ली। कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यदि SIR की प्रक्रिया का इस्तेमाल पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने या लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित करने के लिए किया जाता है, तो यह लोकतंत्र की भावना के खिलाफ होगा।नाज़िया दानिश ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और संविधान के अनुरूप होना चाहिए। किसी भी नागरिक के मतदान के अधिकार के साथ भेदभाव या मनमानी स्वीकार नहीं की जा सकती।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहा है और सरकार को सभी आशंकाओं का स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित कारण मतदाता सूची से न हटाया जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता के साथ खड़ी रहेगी और यदि कहीं भी अनियमितता सामने आती है तो उसका विरोध किया जाएगा।
