नई दिल्ली, 21 जुलाई। कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने महिला सांसद के साथ दिल्ली पुलिस के कथित दुर्व्यवहार को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दिल्ली पुलिस के पास महिला पुलिसकर्मियों की कमी है, जो एक महिला सांसद को पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा जबरन बस में बैठाया गया।
नाज़िया दानिश ने कहा कि यदि किसी महिला जनप्रतिनिधि को हिरासत में लेना आवश्यक भी था, तो यह कार्रवाई महिला पुलिसकर्मियों के माध्यम से की जानी चाहिए थी। उनका आरोप है कि इस घटना ने महिला सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अधीन काम कर रही दिल्ली पुलिस ने अपनी कार्रवाई से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है। दानिश ने आरोप लगाया कि महिला सांसद के साथ किया गया कथित दुर्व्यवहार अस्वीकार्य है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
नाज़िया दानिश ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध दर्ज कराना नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का अधिकार है तथा महिलाओं के सम्मान से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
