PM आवास के बाहर राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता हिरासत में, बोले— “छात्रों के इंसाफ की लड़ाई नहीं रुकेगी”
नई दिल्ली, 21 जुलाई। प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
हिरासत में लिए जाने के दौरान राहुल गांधी ने कहा, “गिरफ्तार करो, जेल में डालो, फर्क नहीं पड़ता। मोदी सरकार की सत्ता की ताकत से बड़ी हमारे सत्याग्रह की शक्ति है। हमारे बच्चों के साथ हुए अत्याचार का हिसाब देना ही होगा।” इस दौरान सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में राहुल गांधी की नाक से खून बहता हुआ भी दिखाई दिया, जिसे लेकर कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने कहा कि “मोदी जी, जितनी ताकत लगानी है लगा लो, लेकिन छात्रों के इंसाफ की यह लड़ाई अब रुकने वाली नहीं है।” प्रदर्शनकारियों ने “प्रधानमंत्री इस्तीफा दो”, “गुंडागर्दी नहीं चलेगी” और “छात्रों को न्याय दो” जैसे नारे लगाए।
पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई सांसदों और नेताओं को बसों में बैठाकर प्रदर्शन स्थल से हटाया। इससे पहले कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, शशिकांत सेंथिल , निगम नेत्री नाज़िया दानिश समेत अन्य नेताओं को भी हिरासत में लिया गया था।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने हाथों में हथकड़ियां पहनकर छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पूरे देश के परिवारों पर हमला है और सरकार इस मामले की जिम्मेदारी से बच रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि संसद में इस मुद्दे पर चर्चा तक नहीं होने दी जा रही है।
