गाजीपुर कॉरिडोर पर फिर मलबा माफिया का कब्जा, भाजपा शासित MCD पर विपक्ष का बड़ा हमला

अंकुश नारंग का आरोप—नगर आयुक्त के निर्देशों के बावजूद कड़कड़ी मोड़ से गाजीपुर टेल्को मोड़ तक फिर सड़क किनारे डंप हुआ मलबा, मेयर प्रवेश वाही से मांगा जवाब

नई दिल्ली, 21 जुलाई। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कड़कड़ी मोड़ से गाजीपुर टेल्को मोड़ तक सड़क किनारे दोबारा अवैध मलबा डंप किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नगर निगम आयुक्त के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अवैध मलबा हटाने और मलबा माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नारंग ने कहा कि सड़क किनारे दोबारा मलबा डंप होने से पूरे इलाके में धूल और प्रदूषण बढ़ रहा है। ट्रैफिक जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है और स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा शासित एमसीडी मलबा माफिया पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। नारंग ने आरोप लगाया कि यदि निगम प्रशासन समय रहते कार्रवाई करता तो सड़क किनारे फिर मलबा नहीं दिखाई देता। उन्होंने मेयर प्रवेश वाही से इस मामले में जवाब देने और दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली की जनता को साफ-सुथरी सड़कें, प्रदूषण मुक्त वातावरण और जवाबदेह प्रशासन चाहिए, न कि अवैध मलबे के ढेर और कार्रवाई के केवल दावे। उन्होंने मांग की कि पूरे गाजीपुर कॉरिडोर से अवैध मलबा तत्काल हटाया जाए और मलबा डंप करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।